Youth & Politics

कौन हैं राजस्थान की 26 साल की सांसद संजना जाटव, जिन्होंने सीएम के जिले में भाजपा को हराया

संजना जाटव

लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे साफ हो चुके हैं। राजस्थान में भाजपा ने 14, कांग्रेस ने 8 और तीन सीटों पर अन्य ने जीत दर्ज की है। इस बीच एक नाम की चर्चा हर जगह हो रही है और यह नाम है संजना जाटव का। संजना भरतपुर सीट से कांग्रेस की उम्मीदवार थीं यहां उन्होंने तगड़ी जीत हासिल करते हुए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के गृह जिले में भाजपा को हरा दिया। अब संजना का नाम चर्चा में हैं क्योंकि वो सबसे कम उम्र की सांसद बन चुकी हैं। संजना महज 26 साल की हैं।

कौन है संजना जाटव?

लोकसभा चुनाव 2024 में सबसे कम उम्र में सांसद बनने का रिकॉर्ड अपने नाम करने वाली संजना जाटव का जन्म 1 मई 1998 को भरतपुर के भुसावर कस्बे में हुआ था। संजना जाटव की शादी अलवर जिले गांव समूंची तहसील कठूमर में पुलिस कांस्टेबल कप्तान सिंह से हुई है। कप्तान सिंह फिलहाल राजस्थान पुलिस कांस्टेबल के पद पर थानागाजी पुलिस थाने में कार्यरत हैं। संजना जाटव ने साल 2019 में महाराजा सूरजमल बृज यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। संजना जाटव के पास कुल 23 लाख रुपए की संपत्ति है, जिसमें उन पर करीब 7 लाख से ज्यादा का कर्ज है।

संजना जाटव कितने वाटों से जीती?

कांग्रेस को भरतपुर में खोई हुई जमीन लौटानी वाली संजना जाटव ने बंपर जीत हासिल की। शुरुआती रुझानों के समय से ही संजना जाटव ने जो बढ़त ली, उसके बाद वो जीत का आंकड़ा पार कर के ही थमी। चुनावी दौड़ में उन्होंने बीजेपी के रामस्वरुप कोली को 51 हजार से ज्यादा (51983) वोटों से हराया। संजना जाटव ने 579890 वोट हासिल किए, जबकि रामस्वरुप कोली को 527907 वोट मिले। पिछली बार भरतपुर सीट बीजेपी के पास थी।

विधानसभा चुनाव भी लड़ चुकी हैं संजना

कांग्रेस पार्टी ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में संजना जाटव को टिकट दिया था। संजना जाटव को पार्टी ने कठूमर विधानसभा सीट से मैदान में उतारा था। जहां संजना जाटव ने बीजेपी प्रत्याशी रमेश खींची को कड़ी टक्कर दी थी। संजना जाटव को 409 वोट से हार का सामना करना पड़ा था।
जिसके बाद लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने एक बार फिर संजना जाटव पर भरोसा जताया। संजना जाटव अलवर जिला परिषद सदस्य भी रहीं हैं और इनके ससुर भी सरपंच रह चुके हैं। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने चार बार के विधायक बाबूलाल बैरवा का टिकट काटकर संजना को प्रत्याशी बनाया था।

डांस के वीडियो हुए वायरल

एक तरफ संजना की जीत की चर्चा है तो वहीं दूसरी तरफ उनके डांस के वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। इस वीडियो में संजना जमकर डांस करती नजर आ रही हैं। हरियाणवी गाने पर संजना का डांस लोगों को बहुत पसंद आ रहा है। संजना महिलाओं के साथ डांस कर रही है। लोग संजना के डांस और चुनाव में उनकी मेहनत की खूब तारीफ कर रहे हैं।

You may also like

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *